6 अगस्त को हुई भारी बारिश का भयावह मंजर अब सामने आने लगा है। जनपद के पाबौ और थलीसैण ब्लॉक इस आपदा से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। पाबौ ब्लॉक के क्यार्द, कलुण, सेंजी, बुरांसी गांवों से लेकर थलीसैण ब्लॉक के बांकुड़ा गांव तक भारी नुकसान हुआ जहाँ पांच नेपाली मजदूर के बहाने की सूचना थी जिनका अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। अतिवृष्टि के चलते कई घरों में मलबा घुस गया है, सड़कें ध्वस्त हो गई हैं और ग्रामीणों की आजीविका पर गहरा संकट मंडरा रहा है। प्रशासन लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है। आपदाग्रस्त क्षेत्रों में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। अस्थायी राहत शिविरों में खाने-पीने की व्यवस्था की गई है और मेडिकल टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। शासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए राशन किट, तिरपाल व अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए आज बुरांशी क्षेत्र पहुंचेंगे। जहां वो प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से अपील की है कि आपदा की इस घड़ी में उन्हें त्वरित और स्थायी सहायता दी जाए ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन शुरू कर सकें।

