पंजाब, त्रिपुरा के साथ सी कैटिगरी में शामिल उत्तराखण्ड
सीएम धामी के नेतृत्व में खनन क्षेत्र में हुए हैं व्यापक सुधार
खनन मंत्रालय (Ministry of Mines) द्वारा गुरुवार को जारी राज्य खनन तत्परता सूचकांक (State Mining Readiness Index – SMRI) में उत्तराखंड ने श्रेणी ‘C’ में शीर्ष राज्यों में स्थान प्राप्त किया है। यह राज्य सरकार के खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और सतत विकास के प्रति किए गए प्रयासों का परिणाम है।
केंद्रीय बजट 2025–26 में की गई घोषणा के अनुरूप जारी यह सूचकांक राज्यों का मूल्यांकन कई मापदंडों पर करता है जैसे नीलामी प्रदर्शन, खनन पट्टों का शीघ्र संचालन, खनिज अन्वेषण पर ध्यान, तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन प्रथाओं को अपनाने की स्थिति।
उत्तराखंड को श्रेणी ‘C’ में पंजाब और त्रिपुरा के साथ अग्रणी स्थान प्राप्त हुआ है जबकि इस इंडेक्स में मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान को A और गोवा, उत्तर प्रदेश असम को B कैटेगरी में रखा गया है।
यह राज्य के खनन प्रशासन की पारदर्शी नीतियों, बेहतर प्रबंधन प्रणाली और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।
खनन मंत्रालय का कहना है कि यह सूचकांक राज्यों के प्रदर्शन का बेंचमार्क तय करने और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनेगा। इससे खनन सुधारों की गति और सतत संसाधन प्रबंधन को और बल मिलेगा।
यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार विकास और पर्यावरणीय संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए, खनन क्षेत्र को नई दिशा देने की ओर निरंतर अग्रसर है।

