बीरोंखाल बाजार में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) द्वारा एक विरोध रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में पेपर लीक प्रकरण के विरोध के साथ-साथ प्रदेश में बढ़ती पुलिस प्रताड़ना और महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर सरकार के खिलाफ कड़ा प्रदर्शन किया गया। रैली में यूकेडी के साथ कई अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की कि नकल और पेपर लीक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द की जाए और दुबारा आयोजित की जाए। साथ ही इस मामले की सीबीआई जांच करवाई जाए ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके। प्रदर्शनकारियों ने केशव थलवाल जैसे पुलिस प्रताड़ना के मामलों और बढ़ते महिला अपराधों को प्रदेश की गंभीर समस्या बताते हुए उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग भी की। रैली के दौरान सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और पारदर्शी व निष्पक्ष व्यवस्था की मांग रखी।

