लंढोरा में गन्ना सीज़न शुरू होते ही कस्बे और आसपास के गांव जहरीले धुएं की चपेट में आ गए हैं। गन्ना कोल्हुओं पर रबड़, प्लास्टिक और टायर जलाए जाने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। नगर पंचायत लंढोरा वार्ड-8 के सभासद मोहम्मद रब्बान ने अपने समर्थकों के साथ प्रेस वार्ता कर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहरीले धुएं से वार्ड में दर्जनों लोगों की मौत कैंसर से हो चुकी है, जबकि सांस की बीमारियों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। रब्बान ने बताया कि कस्बे में दर्जनों कोल्हू धुआं उगल रहे हैं, लेकिन लक्सर मार्ग पर भूरा और सद्दू नामक व्यक्तियों के कोल्हुओं पर सबसे ज्यादा रबर और प्लास्टिक जलाया जा रहा है।
समर्थक समीम ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता की कैंसर से मौत हो चुकी है और उनकी मां भी इसी बीमारी से जूझ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्रवाई केवल खानापूर्ति बनकर रह जाती है। सील किए गए कोल्हू अगले ही दिन दोबारा चालू हो जाते हैं और कस्बे में धुआं फैलाने लगते हैं। सभासद रब्बान ने चेतावनी दी कि अब जिला प्रशासन, पुलिस से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक शिकायत पहुंचाई जाएगी और जहरीला धुआं फैलाने वाले कोल्हुओं पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

