प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सरकारी कृषि फार्म खटीमा की भूमि पर 26 करोड़ 23 लाख से निर्मित पीएम केंद्रीय श्री विद्यालय खटीमा के भवन का लोकार्पण किया। इससे पहले दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम कार्यक्रम का लाइव प्रसारण केंद्रीय विद्यालय में देखा गया। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा नई शिक्षा नीति की पांचवी वर्ष गांठ पर आयोजित कार्यक्रम में देश भर के 22 पीएम केंद्रीय विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया एवं राष्ट्र को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय खटीमा के बच्चो ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

इस मौके पर कार्यक्रम के अंत में सीएम धामी ने केंद्रीय विद्यालय खटीमा के भवन शिलापट्ट का लोकार्पण कर खटीमा से देहरादून को रवाना हो गए। वहीं सीएम धामी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि खटीमा विधायक रहते हुए केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृत कराया था। खटीमा में केंद्रीय विद्यालय का उनका सपना आज साकार हुआ है। जिसमे अब खटीमा के बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ग्रहण कर सकेंगे। उन्होंने कहा की आज खटीमा में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग साकार हुई है। विद्यालय के भव्य भवन का भी लोकार्पण हुआ है।

खटीमा को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की सौगात देने के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि जिस केंद्रीय विद्यालय में मेरे जैसे कई लोगो के पढ़ने का जो सपना होता था वह अब केंद्रीय विद्यालय के लोकार्पण के साथ पूरा हुआ है। खटीमा क्षेत्र के बच्चो को इस विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर अब आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके ड्रीम प्रोजेक्ट के आज पूरा होने पर उन्हें आज बेहद सुकून मिला है।

