गत दिवस से आज प्रातःकाल तक निरन्तर केदारनाथ धाम की ओर से वापस आ रहे यात्रियों को सुरक्षाबलों द्वारा वैकल्पिक मार्गों से कराया जा रहा है पार।
मार्ग को खोले जाने में कार्यदायी संस्था के स्तर से कार्यवाही है निरन्तर जारी।
केदारनाथ यात्रा मार्ग गौरीकुण्ड से सोनप्रयाग की तरफ (करीब 1.5 किलोमीटर दूरी पर) पहाड़ी से सड़क पर बोल्डर्स, मलबा पत्थर आने से सड़क मार्ग व पैदल मार्ग आवागमन हेतु पूरी तरह से बाधित हो गया था। मार्ग के खुलने तक केदारनाथ धाम से वापस आ रहे यात्रियों को वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार कर सुरक्षा बलों (जिला पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ) व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आपसी समन्वय के साथ निकाले जाने की कार्यवाही प्रारम्भ की गयी।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि बीते रोज कुल 2179 श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गन्तव्य हेतु भेजा गया था।
आज सुबह से सभी टीमों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए गौरीकुण्ड में रुके तथा केदारनाथ से वापस आ रहे यात्रियों को इस स्थान से पार कराये जाने की कार्यवाही प्रारम्भ की गयी है, आज प्रातःकाल से अब तक कुल 950 श्रद्धालुओं को वैकल्पिक रास्ते से उनके गन्तव्य के लिए प्रस्थान कराया गया है।
वहीं बाधित चल रहे मार्ग को सम्बन्धित कार्यदायी संस्था के स्तर से खोले जाने की कार्यवाही गतिमान है तथा आज भी मार्ग के खुलने के आसार नहीं हैं।

