जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह जगह सड़क मार्ग पर पहाड़ी टूटने से मलवा आने के कारण मार्ग बाधित हुए हैं।
बताते चलें कि रुद्रप्रयाग मुख्यालय के जवाड़ी बाईपास मार्ग पर शनिवार देर शाम भूस्खलन होने से मार्ग पूरे तरीके से बंद हो गया है।जिससे बाईपास मार्ग पर यातायात बन्द है। हालांकि सम्बन्धित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा बाधित मार्ग के दोनों तरफ से युद्ध स्तर पर मशीनों को लगाकर मार्ग खोलने का कार्य जारी है।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले जवाड़ी बाईपास मार्ग पर यातायात हेतु बाधित स्थल का निरीक्षण किया,उन्होने बताया है कि इस मार्ग को जल्द से जल्द खोले जाने हेतु रेलवे कम्पनियों से भी सहयोग लिया जा रहा है। यहां पर मार्ग के खुलने तक तिलवाड़ा,अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ व केदारघाटी के लिए वाहनों का आवागमन मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग से बेलनी पुल होते हुए कराया जा रहा है व साथ ही केदारनाथ धाम आने वाले यात्री वाहनों को टिहरी-चिरबटिया-मयाली मोटर मार्ग का प्रयोग करने हेतु भी सूचित किया जा रहा है।
सीओ प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को सुगम आवागमन रखे जाने हेतु निरीक्षक यातायात व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

