आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं, और राजनेतिक दल अपने वोट बैंक को पक्का करने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस ने उत्तराखंड में “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे के साथ जोरदार हल्ला बोल शुरू कर दिया है। पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान छेड़ा है, जिसके जरिए वो मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को उजागर करने का दावा कर रही है। आज कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व उत्तराखंड सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा पछवादून के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का मंत्र दिया। साथ ही, हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पर कड़ी नजर रखने और किसी भी हेराफेरी को बेनकाब करने की हिदायत दी। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए और जमकर निशाना साधा।

