विकासखंड एकेश्वर के ढंगसोली गांव में एक बार फिर गुलदार का आतंक फैल गया है। सोमवार सुबह अपने आंगन में झाड़ू लगा रहे नीरज पांथरी पर गुलदार ने अचानक घात लगाकर हमला कर दिया। घटना से अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार लगातार सक्रिय है और अब तक पांच लोगों पर हमला कर चुका है। बार-बार हो रहे हमलों से गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को जल्द पकड़ा जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

